दम तोड़ती मानवीयता: सलाखों के पीछे इमरान और शहबाज शरीफ के हवाई सपने'
'दम तोड़ती मानवीयता: सलाखों के पीछे इमरान और शहबाज शरीफ के हवाई सपने'
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, जो कभी पाकिस्तान का सबसे लोकप्रिय चेहरा हुआ करते थे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाक का प्रतिनिधित्व करते थे, आज जेल की तन्हाई में अपनी जिंदगी की गुहार लगा रहे हैं। अदियाला जेल की चारदीवारी से आए उनके संदेश ने पूरे पाकिस्तान को बेनकाब करने के साथ-साथ मानवता को भी झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि जिस तरह के हालात में उन्हें रखा गया है और जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, उससे उनका जिंदा वापस लौट पाना मुश्किल है। पाकिस्तान की राजनीति के इस खौफनाक सच के ठीक उलट, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ देश और दुनिया को यह सपना दिखा रहे हैं कि पाकिस्तान जल्द ही दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने वाला है।
हाल ही में पाकिस्तान के मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम में बोलते हुए पीएम शहबाज शरीफ ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गोल्डमैन सैक्स की एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान साल 2075 तक दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है, लेकिन वे इसमें थोड़ा सुधार करना चाहते हैं। मियां शहबाज के मुताबिक, यह चमत्कार 2075 तक नहीं बल्कि साल 2050 से भी पहले हो जाएगा।
अब इन दावों की हकीकत की पड़ताल करते हैं तो कुछ और ही सच सामने आता है। 130 अरब डॉलर से ज्यादा के विदेशी कर्ज के बोझ तले दबे और आईएमएफ तथा चीन की बैसाखियों पर टिके रहने वाले जिस देश का विदेशी मुद्रा भंडार हर दूसरे दिन सुर्खियों में रहता हो, वहां 2050 तक दुनिया की शीर्ष छह अर्थव्यवस्था बनने का सपना देखना सिर्फ एक छलावा ही है। जिस मुल्क में रोजमर्रा की बुनियादी चीजें दुर्लभ हो चुकी हों और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी हो, वहां इस तरह के हवाई किले बनाने पर खुद देश-दुनिया के विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं कि क्या तब तक पाकिस्तान नाम का वजूद बचेगा भी या नहीं?
यह भी किसी से छिपा नहीं है कि पड़ोसी देश की इस खस्ताहाली के पीछे असल खेल किसका है। पाकिस्तान के कॉर्पोरेट दिग्गजों, बड़े ब्यूरोक्रेट्स और सियासतदानों ने मिलकर इस पूरी अर्थव्यवस्था को अंदर से खोखला कर दिया है। पाकिस्तान की जनता महंगाई की चक्की में पिसती है, और हुक्मरान लूट का काला धन ठिकाने लगाकर लंदन और दुबई में अपने बच्चों के नाम पर आलीशान फ्लैट और बंगले खरीद चुके हैं। वे अच्छी तरह जानते हैं कि जिस दिन वहाँ की अवाम का सब्र टूटेगा, ये सबसे पहले देश छोड़कर भाग खड़े होंगे।
लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं।
इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में वहां की युवा पीढ़ी के सामने सेना और हुकूमत का गढ़ा हुआ पुराना प्रोपोगंडा बेनकाब हो चुका है। आज पाकिस्तान का युवा न्यूट्रल इतिहास खंगाल रहा है और यह सच जान रहा है कि कैसे चंद लोगों ने अपनी तिजोरियों के लिए पूरे देश को कर्ज के दलदल में धकेल दिया है।
इमरान खान के साथ जिस तरह का क्रूरता की जा रही है और मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखा जा रहा है, वह पाकिस्तान की अंदरूनी सड़न को पूरी तरह उजागर करता है। अगर जेल के भीतर कुप्रबंध या प्रताड़ना के चलते इमरान खान को कुछ हो गया, तो यह पाकिस्तान की जर्जर होती व्यवस्था और तानाशाही के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। फिर दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था बनने के हवाई दावे तो दूर, पाकिस्तान खुद ही बिखर जाएगा। जनता के भीतर सुलगती यह विद्रोही आग एक न एक दिन फटेगी जरूर, और तब इन सत्ता के ठेकेदारों का क्या होगा, यह वक्त तय करेगा।
दिलीप कुमार पाठक
लेखक पत्रकार हैं
Comments
Post a Comment