'सियासत, ठप्पा और घृणा के बीच ज़िंदगी का दर्द: आज़म खान की दास्तान'

'सियासत, ठप्पा और घृणा के बीच ज़िंदगी का दर्द: आज़म खान की दास्तान' 

'मुझे मार दिया जाए, मेरी यूनिवर्सिटी में बुलडोजर चला दिया जाए फिर भी एक यूनिवर्सिटी के फाउंडर के रूप में मेरी शिनाख्त होगी। मुझ पर किताबों की चोरी का आरोप लगाया गया है, अगर चोरी करके कोई गरीब बच्चों को पढ़ाता है तो ऐसे चोरों की जरूरत हिन्दुस्तान को है।'


ये शब्द आज़म खान के हैं, और इनके साथ ही उनके वे शेर भी याद आ जाते हैं जो उनके भीतर भरे दर्द को बाहर निकाल देते हैं-
“मुझ को शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यूँ उदास हो गए क्या याद आ गया।
कहने को ज़िंदगी थी बहुत मुख़्तसर मगर,
कुछ यूँ बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया।'

ये शेर जब आज़म खान बोलते हैं तो लगता है जैसे किसी थके हुए आदमी ने अपने भीतर भरा सारा दर्द बाहर निकाल दिया हो। आज़म खान का यह वक़्त सिर्फ़ कोर्ट-कचहरी या सियासी दाव-पेंच तक नहीं है, बल्कि एक ऐसे इंसान की कहानी है जो हर तरफ़ से घिरा होने के बावजूद अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहा है। इतनी घृणा और शोर के बीच ज़िंदा रहना भी कितना भारी पड़ता है, यह वही समझ सकता है जिसे हर सुबह नए मुकदमे और नए इल्ज़ामों के साथ उठना पड़ता हो।

आज़म खान का सफर समाजवाद की ज़मीन से निकला है। आपातकाल के दौर में इंदिरा गांधी के विरोध में उतरने से लेकर 17 महीने की लंबी कैद झेलने तक, उन्होंने कभी राजनीतिक समझौता नहीं किया, कीमत चाहे जो भी रही हो। आपातकाल में उन्हें काल कोठरी में ठूंस दिया गया था, जहाँ इंसानों को रखने की मनाही थी। जहाँ उनके साथी नेताओं को आरामदायक जगह मिली, वहीं आज़म खान ने तमाम ज्यादतियां झेलीं। 17 महीनों की कैद के बाद पहला चुनाव उन्होंने जनता पार्टी के टिकट पर लड़ा और हार का सामना किया, लेकिन राजनीति से जूझते रहे।

इस हार ने उनके इरादों को और मजबूत कर दिया और उन्होंने रामपुर के नवाब परिवार के दबदबे को खुली चुनौती देने का फैसला किया। ऐतिहासिक रूप से अंग्रेजों का साथ देने वाले नवाब परिवार का बाद में भी सियासत में दबदबा बना रहा जुल्फिकार अली खान 1967 से 1989 तक रामपुर से सांसद रहे और उनकी पत्नी नूर बानो ने 1996 और 1999 में जीत हासिल की। मौलाना मोहम्मद अली जौहर के आदर्शों से प्रेरित होकर आज़म खान ने गरीबों और मज़दूरों की उंगली थामकर नवाबी किले की प्राचीर को चुनौती दी। 1980 में उन्होंने रामपुर से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, और 1980 से 1992 के बीच चार अलग-अलग दलों के टिकट पर यह सीट जीती। 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना के बाद वे मुलायम सिंह यादव के साथ जुड़े और पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की। उनकी लगातार जीत और तीखी भाषण कला ने उन्हें यूपी के प्रमुख नेताओं में एक बना दिया। 

एक वक्त वह भी था जब उनकी पर्सनैलिटी ऐसी थी कि जिस गली से गुज़र जाएं तो जुलूस निकल जाएं, मुँह खोलें तो हेडलाइन बन जाए और वे पूरे देश की राजनीति के केंद्र में होते थे। लंबे समय तक वे ऐसे नेता रहे जिनकी पकड़ किसी एक दायरे तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे यूपी की सियासत के बड़े राजनेताओं में थे। फिर धीरे-धीरे उन पर ऐसा ठप्पा लगा दिया गया कि लोग उन्हें बस ‘मुसलमानों के नेता’ के तौर पर देखने लगे। सवाल यही उठता है कि क्या आज़म खान सचमुच सिर्फ़ मुसलमानों के नेता हैं, या सियासत ने अपने हिसाब से उन पर यह ठप्पा चिपका दिया?

इसी बात के साथ AIMIM और असदुद्दीन ओवैसी की चर्चा भी जुड़ जाती है। ओवैसी को लेकर अक्सर यह कहा जाता है कि वे मुसलमानों के हक और पहचान की सीधी, तीखी बात करते हैं, और कई लोग उन्हें उसी नज़र से देखते हैं। लेकिन आज़म खान की राजनीति का रंग इससे अलग रहा है। वे समाजवाद की स्कूलिंग से निकले नेता रहे, जिन्होंने खुद को किसी एक खांचे में रखने के बजाय सत्ता और व्यवस्था से भिड़ने का रास्ता चुना। खुद आज़म खान भी ओवैसी पर तीखे तंज और बयानबाज़ी करते रहे हैं - कभी यह कहते हुए कि हर दाढ़ी रखने वाला मौलाना नहीं होता, वे बैरिस्टर हैं, तो कभी खानपान और सियासी अंदाज पर कटाक्ष करते हुए। पर जब सियासत में ध्रुवीकरण बढ़ता है, तो हर मुस्लिम चेहरे को एक ही तराज़ू में तौल दिया जाता है, और इसी में आज़म खान जैसे पुराने समाजवादियों की असली पहचान कहीं दब जाती है।

2003 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान आज़म खान ने मौलाना अली जौहर ट्रस्ट की स्थापना की और रामपुर में एक विश्वविद्यालय की नींव रखी - जिसके उद्घाटन में सपा कैबिनेट की मौजूदगी उनके प्रभाव को दिखाती थी। लेकिन 2017 में सत्ता बदलने के बाद उसी यूनिवर्सिटी के चांसलर को ‘किताब चोर’ कहकर चिढ़ाया जाने लगा, पिछले कुछ सालों में आज़म खान के सामने मुश्किलों का पहाड़ खड़ा हो गया। उन पर सौ से ज़्यादा मुकदमे दर्ज हुए। कभी किताब चोरी तो कभी मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे इल्ज़ामों ने सुर्ख़ियां बनाईं, उनकी प्रोफ़ेसर पत्नी पर शराब की बोतलें लूटने के आरोप, मृत माँ पर आरोप, फर्नीचर चोरी, चार बीघे ज़मीन चोरी जिस पर उनकी यूनिवर्सिटी बनी है। कानूनी लड़ाइयों के बीच फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जैसे मामलों में भी परिवार को लंबी अदालती प्रक्रिया और सजाओं-राहतों के दौर से गुजरना पड़ा। 

हद तो तब हो गई जब रोज़-रोज़ की प्रताड़ना और मुकदमों से टूटकर खुद आज़म खान ने यह तक कह दिया कि उन्हें परिवार समेत मौत की सज़ा दे दी जाए या देश छोड़ने दिया जाए। कभी सत्ता के केंद्र में रहने वाला एक कद्दावर नेता जब ऐसी बात कहने पर मजबूर हो जाए, तो उस मानसिक पीड़ा का अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है। मुलायम सिंह यादव के साथ आज़म खान का रिश्ता सिर्फ़ पार्टी का नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष और भरोसे का रहा। पार्टी में पीढ़ी परिवर्तन होता गया, आज़म खान खुद को परिस्थितियों में ढालते रहे, लेकिन मुलायम सिंह यादव ने हमेशा उन्हें अपने भाई के बराबर स्नेह दिया। मुलायम सिंह यादव के जाने के बाद और पार्टी के अंदर बदले समीकरणों के बीच आज़म खान खुद को पहले जैसा नहीं पाते। जो कभी पार्टी की रीढ़ माने जाते थे, वे आज खुद को बेबस महसूस करते हैं। हालांकि सियासी खींचतान और बदलते हालात के बीच भी आज़म खान अखिलेश को अपने बेटे जैसा मानते हैं। उनका कहना है कि उस परिवार के साथ उनका रिश्ता आधी सदी से भी लंबा है, जो मेरे या उनके या किसी तीसरे के तोड़ने से नहीं टूटेगा। आज़म के मुताबिक, अखिलेश के साथ उनका यह नाता राजनीति से हटकर है और दोनों के बीच का यह रिश्ता लिहाज का है। दूसरी तरफ़, जब मुलाकातों और बयानों के दौर आते हैं, तो अखिलेश यादव कई बार यह कहते दिखते हैं कि आज़म खान के साथ नाइंसाफी हो रही है और उन पर झूठे केसों का अंबार लगाया गया है, जबकि आज़म अपने तल्ख़ और बेबाक अंदाज़ में अपने दर्द व खुद्दारी की बात रखते हैं।

अदालतों की लड़ाई के बीच एक पल ऐसा भी आया जो सुर्खियां बन गया - जब जज साहब ने कहा कि आज़म खान को ज़मानत देने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा। यह छोटी-सी बात कानून की सख्ती के बीच इंसानियत और समझदारी की याद दिलाती है। जेल से छूटने के बाद प्रताड़ना के बाद भी उनके बयानों में किसी के लिए घृणा, गुस्सा नहीं है, बस एक बेबसी है। भाजपा के प्रभुत्व और 100 से अधिक कानूनी मामलों के बावजूद रामपुर एवं यूपी चुनावों को प्रभावित करने की उनकी क्षमता और अदालत के फैसलों से राजनीतिक विद्वेष की तस्दीक होने की बातें भी इस बहस में अहम हैं।

हालांकि एक तरफ़ वे मुकदमे हैं जिनका फ़ैसला अदालत को करना है, और दूसरी तरफ़ एक ढलती उम्र का नेता है जो शेरों के ज़रिए अपना दर्द कह रहा है। नफ़रत के इस शोर में जब कोई कहता है कि ज़िंदगी मुख़्तसर थी और ख़ुदा याद आ गया, तो लगता है कि राजनीति के खेल में जब इंसानियत पीछे छूट जाती है, तो जीत-हार से बड़ा सवाल ज़िंदा बचे रहने का बन जाता है। आज़म खान ने अपराध किए या नहीं, यह तो कोर्ट तय करेगा, लेकिन यह ज़रूर तय हो गया है कि भारत की राजनीति का स्तर बहुत घिनौना हो गया है।

दिलीप कुमार पाठक 
लेखक पत्रकार हैं 

Comments

Popular posts from this blog

आज़ाद हवा का अधिकार: प्रदूषण की क़ैद से मुक्ति का आह्वान

राम - एक युगपुरुष मर्यादापुरुषोत्तम की अनंत कथा

रेडियोलॉजी और रेडियोग्राफी: स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति लाने वाली तकनीक