'आज़म खान: मुकदमों और घृणा के बीच ज़िंदगी का दर्द'
'आज़म खान: मुकदमों और घृणा के बीच ज़िंदगी का दर्द'
जब जज साहब को कहना पड़ जाए ‘ज़मानत देने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा’- कभी सर्वमान्य समाजवादियों में गिने जाते थे, आज सियासी घृणा की तल्खी में घिरे हैं।
'मुझ को शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यूँ उदास हो गए क्या याद आ गया।
कहने को ज़िंदगी थी बहुत मुख़्तसर मगर,
कुछ यूँ बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया।'
ये शेर जब आज़म खान बोलते हैं तो लगता है जैसे किसी थके हुए आदमी ने अपने भीतर भरा सारा दर्द बाहर निकाल दिया हो। आज़म खान का यह वक़्त सिर्फ़ कोर्ट-कचहरी या सियासी दाव-पेंच तक नहीं है, बल्कि एक ऐसे इंसान की कहानी है जो हर तरफ़ से घिरा होने के बावजूद अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहा है। इतनी नफ़रत और शोर के बीच ज़िंदा रहना भी कितना भारी पड़ता है, यह वही समझ सकता है जिसे हर सुबह नए मुकदमे और नए इल्ज़ामों के साथ उठना पड़ता हो।
आज़म खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर वह ज़मीन तैयार की, जहां गरीब, मज़दूर और पिछड़ों की आवाज़ सुनी जाती थी। आपातकाल के दौर से लेकर रामपुर की गलियों तक, उन्होंने नवाबी दबदबे को टक्कर दी और अपनी अलग जगह बनाई। एक वक़्त था जब उनकी गिनती ऐसे नेताओं में होती थी जिनकी पकड़ सिर्फ़ एक दायरे तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे यूपी की सियासत के बड़े राजनेताओं में थे। फिर धीरे-धीरे उन पर ऐसा ठप्पा लगा दिया गया कि लोग उन्हें बस 'मुसलमानों के नेता' के तौर पर देखने लगे।
सवाल यही उठता है कि क्या आज़म खान सचमुच सिर्फ़ मुसलमानों के नेता हैं, या सियासत ने अपने हिसाब से उन पर यह ठप्पा चिपका दिया?
इसी बात के साथ AIMIM और असदुद्दीन ओवैसी की चर्चा भी जुड़ जाती है। ओवैसी को लेकर अक्सर यह कहा जाता है कि वे मुसलमानों के हक और पहचान की सीधी, तीखी बात करते हैं, और कई लोग उन्हें उसी नज़र से देखते हैं। लेकिन आज़म खान की राजनीति का रंग इससे अलग रहा है। वे समाजवाद की स्कूलिंग से निकले नेता रहे, जिन्होंने खुद को किसी एक खांचे में रखने के बजाय सत्ता और व्यवस्था से भिड़ने का रास्ता चुना। पर जब सियासत में ध्रुवीकरण बढ़ता है, तो हर मुस्लिम चेहरे को एक ही तराज़ू में तौल दिया जाता है, और इसी में आज़म खान जैसे पुराने समाजवादियों की असली पहचान कहीं दब जाती है।
पिछले कुछ सालों में आज़म खान के सामने मुश्किलों का पहाड़ खड़ा हो गया। उन पर सौ से ज़्यादा मुकदमे दर्ज हुए। कभी किताब चोरी तो कभी मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे इल्ज़ामों ने सुर्ख़ियां बनाईं, उनकी प्रोफ़ेसर पत्नी पर शराब की बोतलें लूटने के आरोप, मृत माँ पर आरोप, फर्नीचर चोरी, चार बीघे ज़मीन चोरी जिस पर उनकी यूनिवर्सिटी बनी है। हद तो तब हो गई जब रोज़-रोज़ की प्रताड़ना और मुकदमों से टूटकर खुद आज़म खान ने यह तक कह दिया कि उन्हें परिवार समेत मौत की सज़ा दे दी जाए या देश छोड़ने दिया जाए। कभी सत्ता के केंद्र में रहने वाला एक कद्दावर नेता जब ऐसी बात कहने पर मजबूर हो जाए, तो उस मानसिक पीड़ा का अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है।
अदालतों की लड़ाई के बीच एक पल ऐसा भी आया जो सुर्खियां बन गया - जब जज साहब ने कहा कि ज़मानत देने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा। यह छोटी-सी बात कानून की सख्ती के बीच इंसानियत और समझदारी की याद दिलाती है। कोर्ट अपना काम करता है, ज़मानत और सज़ा कानून से तय होती है, लेकिन उन फ़ैसलों के बीच कोई इंसान किस हाल में जी रहा है, यह अक्सर नज़रअंदाज़ हो जाता है।
आज हालात बदल चुके हैं। मुलायम सिंह यादव के जाने के बाद और पार्टी के अंदर बदले समीकरणों के बीच आज़म खान खुद को पहले जैसा नहीं पाते। जो कभी पार्टी की रीढ़ माने जाते थे, वे आज खुद को बेबस महसूस करते हैं। हालांकि सियासी खींचतान और बदलते हालात के बीच भी आज़म खान अखिलेश को अपने बेटे जैसा मानते हैं। उनका कहना है कि उस परिवार के साथ उनका रिश्ता आधी सदी से भी लंबा है, जो मेरे या उनके तोड़ने से नहीं टूटेगा। आज़म के मुताबिक, अखिलेश के साथ उनका यह नाता राजनीति से हटकर है और दोनों के बीच का यह रिश्ता लिहाज का है।
हालांकि एक तरफ़ वे मुकदमे हैं जिनका फ़ैसला अदालत को करना है, और दूसरी तरफ़ एक ढलती उम्र का नेता है जो शेरों के ज़रिए अपना दर्द कह रहा है। नफ़रत के इस शोर में जब कोई कहता है कि ज़िंदगी मुख़्तसर थी और ख़ुदा याद आ गया, तो लगता है कि राजनीति के खेल में जब इंसानियत पीछे छूट जाती है, तो जीत-हार से बड़ा सवाल ज़िंदा बचे रहने का बन जाता है।
दिलीप कुमार पाठक
लेखक पत्रकार हैं
Comments
Post a Comment