'रंगमंच का वो कबीर चला गया... अलविदा नाना'


'रंगमंच का वो कबीर चला गया... अलविदा नाना' 

किताबों की बातें करने वाले, हमेशा दिल से जीने वाले नाना।
इतने बड़े फनकार बने आप, पूरी दुनिया ने आपकी अदाकारी को सलाम किया और 'सम्पूर्ण अदाकार' का खिताब दिया, लेकिन आप अपनी आख़िरी सांस तक वही ठेठ गाँव के सीधे-सादे इंसान ही रहे। अपनी ही मस्ती में, अपनी ही रफ्तार से चलने वाले एक अलबेले मुसाफ़िर। जिसकी अपनी एक अलग ही दुनिया थी।
आपकी वो सादगी और बेलौस अंदाज़ ऐसा था कि बड़े से बड़े लोग आपके सामने मद्धम पड़ जाते थे। कमाल का था आपका रूतबा। जब दिल किया, किसी की भी खुलकर तारीफ़ कर दी और जब गुस्सा आया, तो सामने कोई भी हो, बिना डरे खरी-खरी सुना दी। आपका कोई तय ढर्रा या बंदिश नहीं थी, न किसी दल में न दलदल में। आपकी तो बस एक ही अपनी विचारधारा थी - प्रेम, सद्भाव और मानवता। इस बेढंगी दुनिया में एक शानदार इंसान रहे हैं आप। आपको एक अभिनेता से बढ़कर एक खरे इंसान के रूप में याद किया जाएगा। सचमुच आप सिनेमा के कबीर थे।

इतनी शोहरत और नेशनल अवॉर्ड्स जीतने के बाद भी आप अक्सर कितनी मासूमियत से कहते थे, 'यार, मुझे अच्छी हिंदी आती तो मैं बहुत अच्छा एक्टर बन जाता... मुझे गुस्सा बहुत आता है, मैं दिखने में भी अच्छा नहीं हूँ... लेकिन हाँ, कुछ करने का जज्बा है।' यही जज्बा आपको सबसे अलग और एक नायाब शख्सियत बनाता था। विश्वसनीयता ऐसी थी कि लोग ऐसे बोलते थे जैसे आप देश के हर आदमी के अपने हैं जैसे हर कोई आपके साथ उठता-बैठता रहा हो कि यार नाना पाटेकर कभी झूठ नहीं बोल सकते। 

निहायत ही ईमानदार आदमी, हमेशा बेबाक बोलना, दूसरों की दिल खोलकर तारीफ करना, और हमेशा सीखने की ललक इसी एटिट्यूड के साथ आप अभिनय के शिखर पर पहुंचे, आपका अभिनय कोई किताबी थ्योरी नहीं था, वो तो जिंदगी के कड़वे तजुर्बों की भट्टी में तपकर निकला हुआ सोना था। 'गमन' से शुरू हुआ आपका ये सफर 'परिंदा', 'प्रहार', 'क्रांतिवीर' और 'नटसम्राट' जैसी बेहतरीन फिल्मों से गुज़रते हुए भारतीय सिनेमा की सबसे ऊंची मिसाल बन गया। कैमरे के सामने आपकी खामोशी में भी एक अजीब सी चीख होती थी और जब आप दहाड़ते थे, तो थियेटर के परदे कांप उठते थे।

आपके वो कड़क डॉयलाग महज़ सिनेमा की लाइनें नहीं थे, वे इस समाज के दोगलेपन पर करारे तमाचे थे। जब आपने 'क्रांतिवीर' में चीखकर कहा था, 'आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने...!' तो लगा था जैसे देश का हर आम आदमी इस खोखले सिस्टम के सामने अपनी बेबसी रो रहा है। और जब आपने अपने हाथ की नसें काटकर दिखाया, 'ये ले मुसलमान का खून, ये हिंदू का खून... बता इसमें मुसलमान का कौन सा, हिंदू का कौन सा...?' तब मजहब की झूठी दीवारें एक झटके में ढह गई थीं। उन संवादों में कोई बनावटी शब्द नहीं थे, उसमें आम आदमी का लहू बोलता था। उस आवाज़ में एक अजीब सा जादू था, जो धमकी भी लगती थी, हंसी भी और सबसे बढ़कर—एक सच्चा कबूलनामा भी।

आपकी इसी बेलौस फितरत का एक वाकया पूरी दुनिया को हमेशा याद रहेगा। जब सरकार की तरफ से आपको देश के बड़े नागरिक सम्मान पद्म श्री देने का एलान हुआ, तो आपकी बेबाकी वहां भी सिर चढ़कर बोली। आपने बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे पूछ लिया था, 'ये अवॉर्ड आखिर किस लिए दिया जा रहा है मुझे?' वहां से जवाब आया कि आपने कला के जरिए समाज की बहुत सेवा की है, देश का नाम रोशन किया है। इस पर आपने जो जवाब दिया, उसने सबकी बोलती बंद कर दी थी। आपने मुस्कुराकर कहा था, 'अजी छोड़ो यार, ये कैसा सम्मान? मैंने जो भी काम किया, उसके बदले प्रोड्यूसर से पूरे पैसे वसूल किए हैं... जब काम के बदले दाम ले लिया, तो फिर ये समाजसेवा कैसी और ये सम्मान क्यों?' ऐसी खरी और सच्ची बात कहना सिर्फ और सिर्फ आपके ही बस की बात थी।

खेत से खुद उगा कर खाना और मुंबई से कमाकर लाना और किसानों की मदद में लुटा देना। यार नाना, ये दिलदारी सिर्फ आपको ही आती थी। करोड़ों की गाड़ियाँ खरीदने की बजाय अपनी गाढ़ी कमाई का एक बड़ा हिस्सा चुपचाप तंगहाल किसानों की झोली में डाल देना, 'नाम फाउंडेशन' बनाकर महाराष्ट्र के सूखे खेतों में ज़िंदगी की नई उम्मीद बोना। ये काम कोई मामूली एक्टर नहीं, सिर्फ एक रूहानी इंसान ही कर सकता था। आप हमेशा ज़मीन से जुड़े रहे, मुंबई की चकाचौंध के बीच रहकर भी अपनी फकीरी का दामन थामे रखा।
आज रंगमंच का वो काबिले-तारीफ सितारा सच में टूट गया है। आप इस फ़ानी दुनिया को अलविदा कहकर, उस पार के एक नए मंच की ओर निकल गए हैं। मौत का तमाशा देखने आई इस दुनिया को अपनी बेबाकी से निरुत्तर करके आप जा चुके हैं।यार नाना, आपकी ये बेलौस ईमानदारी, वो बेढंगा लेकिन खूबसूरत अंदाज़ बहुत याद आएगा। अलविदा नाना।

दिलीप कुमार पाठक
लेखक फ़िल्म समीक्षक हैं 

Comments

Popular posts from this blog

आज़ाद हवा का अधिकार: प्रदूषण की क़ैद से मुक्ति का आह्वान

राम - एक युगपुरुष मर्यादापुरुषोत्तम की अनंत कथा

रेडियोलॉजी और रेडियोग्राफी: स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति लाने वाली तकनीक